पाबौ जनसेवा शिविर में 287 आवेदन प्राप्त, 272 का मौके पर हुआ निस्तारण

पाबौ जनसेवा शिविर में 287 आवेदन प्राप्त, 272 का मौके पर हुआ निस्तारण

मुख्यमंत्री के निर्देशन में जनसेवा शिविर में समस्याओं का त्वरित समाधान, योजनाओं का लाभ पहुंचा ग्रामीणों तक

पौड़ी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड पाबौ सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। इससे ग्रामीणों को अनेक विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर प्राप्त हुईं।

खंड विकास अधिकारी एवं शिविर के नोडल अधिकारी हरेंद्र कोली ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विभागीय सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

शिविर में कुल 287 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 272 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कृषि एवं उद्यान विभाग ने 17 किसानों को पौधे, उर्वरक एवं कृषि संबंधी सामग्री वितरित की। ग्रामोत्थान एवं एनआरएलएम के माध्यम से 10 लाभार्थियों को उत्पादन एवं विपणन संबंधी सहायता प्रदान की गयी। बाल विकास विभाग ने 5 महिलाओं को महालक्ष्मी किट उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य विभाग ने 167 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं, जबकि आयुष विभाग ने 81 लोगों को स्वास्थ्य परामर्श एवं औषधियां प्रदान कीं। समाज कल्याण विभाग ने 4 पात्र व्यक्तियों को विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराईं तथा राजस्व विभाग ने 3 लोगों को प्रमाण-पत्र संबंधी सेवाओं का लाभ दिया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों ने लोगों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनकर कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया।

इस अवसर पर कनिष्ठ उप प्रमुख शिवानी देवी, जिला पंचायत सदस्य भरत रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य संदीप रावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्षा पौड़ी राजेंद्र प्रसाद टम्टा, जिला परियोजना अधिकारी संजीव काला, एडीओ समाज कल्याण प्रिया उपाध्याय, सीडीपीओ चंद्रकांता काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *