हिमालय की चुनौतियों पर एम.के.पी. कॉलेज में राष्ट्रीय संगोष्ठी
देहरादून 25 नवंबर,2026 एम.के.पी. पी.जी. कॉलेज, देहरादून के हिंदी विभाग एवं चित्रकला विभाग द्वारा भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR), नई दिल्ली के सहयोग से “भारतीय ज्ञान परंपरा के सतत हिमालय की ओर – सामाजिक, राजनीतिक, पर्यावरणीय एवं जैव विविधता की चुनौतियों पर विमर्श” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों ने हिमालयी क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों और उनके समाधान पर विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत से हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने संगोष्ठी के विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिमालय केवल भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, सामाजिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। हिमालय की नदियां, वन, वनस्पतियां और जैव विविधता हमारे जीवन तथा सभ्यता से गहराई से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में प्रकृति को केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन के अभिन्न अंग के रूप में देखा गया है। आज आवश्यकता है कि पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के समन्वय से हिमालय के संरक्षण की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएं।
इसके बाद संगोष्ठी की संयोजिका डॉ. अलका मोहन ने संगोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने विषय की व्यापकता, आयोजन के उद्देश्यों तथा दोनों दिवसों में आयोजित होने वाले विभिन्न सत्रों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने मंचासीन अतिथियों एवं प्रतिभागियों का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि प्रो. श्री प्रकाश सिंह, कुलपति, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर, उत्तराखंड रहे। प्रो. सिंह राजनीति विज्ञान के वरिष्ठ शिक्षाविद हैं। उनकी शैक्षणिक विशेषज्ञता भारतीय राजनीतिक चिंतन, सामाजिक न्याय, सामाजिक समावेशन, डॉ. बी.आर. आंबेडकर के विचारों तथा पर्यावरणीय शिक्षा जैसे विषयों में रही है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में भी वरिष्ठ शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया है। अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा और हिमालय के पारिस्थितिक महत्व के बीच संबंध को समझने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हिमालय का संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा हुआ है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्र में प्राकृतिक आपदाएं, भूस्खलन, अतिवृष्टि और अन्य पर्यावरणीय चुनौतियां गंभीर विषय हैं। इन चुनौतियों का सामना किसी एक विभाग या संस्था के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय समुदायों और आम नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने विकास योजनाओं में पर्यावरणीय संवेदनशीलता और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के प्रो. एम.एस. पंवार भी उपस्थित रहे। वे प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, पर्यावरण भूगोल और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास एवं संरक्षण के विषयों के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने हिमालयी क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उनके विचारों ने हिमालय के भौगोलिक स्वरूप, संसाधनों और पर्यावरणीय संतुलन को समझने का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।

