, योग व बौद्धिक सत्र आयोजित
मंगलौर, हरिद्वार। राजकीय महाविद्यालय मंगलौर, हरिद्वार (उत्तराखंड) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के विशेष शिविर का प्रथम दिवस उत्साहपूर्वक प्रारम्भ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत योगाभ्यास से हुई, जिसमें योग प्रशिक्षक सुनील कुमार ने स्वयंसेवियों को योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके उपरांत स्वयंसेवियों ने मेहंदी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अगले चरण में बौद्धिक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में श्री मदन वर्मा (प्राचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज) ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में संयम को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए अकबर-बीरबल की प्रेरणादायक कहानी सुनाई और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट उद्देश्य निर्धारित करना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपा शर्मा ने भी स्वयंसेवियों को समय के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि समय ही सबसे मूल्यवान संसाधन है और यदि हम समय का सही उपयोग नहीं करते, तो जीवन में पीछे रह जाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. दीपा शर्मा, सुनील कुमार, प्रवीण शर्मा, मदन वर्मा, मनोज शर्मा, प्रियाशी, नैना शर्मा, उपासना, तहरीमा खुशी, प्रियंका आकाश, आरिफ विपिन सहित अनेक स्वयंसेवी उपस्थित रहे।

