सहसपुर में वीबी-जी राम जी पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

कृषि मंत्री की उपस्थिति में सहसपुर में वीबी-जी राम जी पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न।

वीबी-जी राम जी मनरेगा से आगे बढ़कर ग्रामीण विकास की सशक्त पहल-गणेश जोशी।

देहरादून, विकासखण्ड सभागार, सहसपुर में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)-वी०बी०जी० राम०जी० के संबंध में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के माननीय मंत्री, कृषि, कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग, श्री गणेश जोशी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यशाला की अध्यक्षता माननीय विधायक, सहसपुर, श्री सहदेव पुंडीर द्वारा की गई। कार्यक्रम में आयुक्त, ग्राम्य विकास अनुराधा पाल तथा मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यशाला के दौरान आयुक्त ग्राम्य विकास अनुराधा पाल द्वारा वी०बी०जी० राम०जी० के उद्देश्य एवं स्वरूप पर प्रकाश डाला गया। जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार द्वारा योजना के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विधायक सहसपुर द्वारा अपने संबोधन में योजना को ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी जी ने अपने संबोधन में कहा कि वी०बी०जी० राम०जी० योजना मनरेगा से एक कदम आगे बढ़कर ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास के लिए भारत सरकार की एक सशक्त पहल है। उन्होंने बताया कि योजना के संचालन हेतु भारत सरकार द्वारा चालू वित्तीय वर्ष के बजट में ₹95,652.31 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत रोजगार दिवसों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 कर दी गई है तथा समय पर मजदूरी भुगतान हेतु विशेष प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण स्तर पर कार्य योजनाएँ चार प्रमुख श्रेणियों में तैयार की जाएँगी। इसमें जल सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित कार्य, ग्रामीण अवसंरचना से जुड़े कार्य, आजीविका संवर्धन के कार्य और जलवायु परिवर्तन एवं प्रतिकूल मौसम से निपटने से संबंधित कार्य शामिल है। ये सभी श्रेणियाँ मिलकर विकास, सशक्तिकरण, अभिसरण (कन्वर्जेन्स) एवं स्थायी आजीविका का सुदृढ़ आधार तैयार करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *