उत्तराखंड के ग्रामीण बाजारों को नई दिशा देगा सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर,
सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर पहल से उत्तराखण्ड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा सशक्त विस्तार
देहरादून उत्तराखण्ड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक संगठित बाजार व्यवस्था पहुंचाने के उद्देश्य से सीएससी उत्तराखंड द्वारा “सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर” के माध्यम से एक महत्वपूर्ण एवं समावेशी पहल प्रारंभ की गई है। इस पहल के अंतर्गत राज्य के निर्माताओं, वितरकों, एमएसएमई इकाइयों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी बाजारों में विस्तार हेतु एक सुदृढ़ एवं संरचित मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएससी नेटवर्क के माध्यम से देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा सहित राज्य के अन्य पर्वतीय एवं दुर्गम जनपदों में उत्पादों की अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। यह नेटवर्क प्रदेश के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी सक्रिय है, जिससे उत्पादकों एवं ब्रांड्स को एक विश्वसनीय, पारदर्शी तथा संगठित वितरण प्रणाली उपलब्ध होगी।
सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर के अंतर्गत उपभोक्ता एफएमसीजी उत्पाद, डेयरी एवं कृषि उत्पाद, ऑर्गेनिक वस्तुएं, स्थानीय उत्तराखंडी ब्रांड्स तथा एसएचजी एवं एफपीओ द्वारा निर्मित उत्पादों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध होगा, वहीं किसान उत्पादक संगठनों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचने का सशक्त अवसर प्राप्त होगा।

