विशेष लोक अदालत में होगा लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण

विशेष लोक अदालत में होगा लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण

21 से 23 अगस्त तक उच्चतम न्यायालय में आयोजित होगा ‘समाधान समारोह’

देहरादून, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की सचिव एवं सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग) सीमा डुंगरकोटी ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली में 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को “समाधान समारोह” के अंतर्गत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस विशेष लोक अदालत में उच्चतम न्यायालय में लंबित विभिन्न प्रकार के वादों का आपसी सुलह एवं राजीनामे के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इनमें फौजदारी मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, चेक बाउंस मामले, बैंक ऋण एवं वसूली संबंधी मामले, दीवानी एवं वैवाहिक वाद, बीमा दावे, सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों से संबंधित प्रकरण, शैक्षणिक एवं सेवा संबंधी मामले सहित अन्य प्रकृति के वाद शामिल हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने बताया कि जिन वादकारियों के मामले माननीय उच्चतम न्यायालय में लंबित हैं तथा जो अपने मामलों का शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान चाहते हैं, वे 20 अगस्त 2026 तक अपने मामलों को आवश्यक रूप से उच्चतम न्यायालय में सूचीबद्ध करा लें।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत देहरादून जनपद से संबंधित उच्चतम न्यायालय में लंबित मामलों के पक्षकारों को नोटिस भेजकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्री-मीटिंग एवं सुलह वार्ता हेतु आमंत्रित किया जा रहा है। वार्ता सफल होने पर संबंधित मामलों को विशेष लोक अदालत में निस्तारित कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राधिकरण के सहयोग से की जाएगी।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने समस्त वादकारियों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए न्यायालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क करें।
अधिक जानकारी हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के दूरभाष नंबर 0135-2520873 एवं  ई-मेल dehradundlsa13@gmail-com  पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *