बहुउद्देशीय शिविर: 19 दिव्यांगों को मिले दिव्यांग प्रमाण पत्र

बहुउद्देशीय शिविर: 19 दिव्यांगों को मिले दिव्यांग प्रमाण पत्र

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ

शिविर में 19 दिव्यांगों को मिले दिव्यांग प्रमाण पत्र, शिकायत काउंटर पर 58 शिकायतें एवं 55 मांग पत्र प्राप्त

पौड़ी: चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड एकेश्वर के पणखेत में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज द्वारा किया गया।

शुक्रवार को आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में स्थानीय विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पिछले नौ वर्षों में विकास के अनेक कार्य किए गए हैं। बहुप्रतीक्षित भूम्या डांडा तथा ज्वाल्पा देवी ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजनाओं हेतु 44 करोड़ 18 लाख 82 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन दोनों योजनाओं से विकासखंड के 24 छोटे-बड़े गांवों एवं तोकों की जनता को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल निगम द्वारा विकासखंड में 31 करोड़ 64 लाख 93 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं, जल संस्थान द्वारा 14 करोड़ 67 लाख 93 हजार रुपये की लागत से विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत द्वितीय चरण स्टेज-1 एवं स्टेज-2 में 12 मोटर मार्गों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिनमें से 10 योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा दो योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा विकासखंड एकेश्वर में पांच मोटर मार्गों हेतु 9 करोड़ 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से चार मोटर मार्गों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि मनकोटखाल-कल्याणी मोटर मार्ग पर कार्य जारी है।
ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत स्टेज-1, स्टेज-2 एवं स्टेज-3 में 14 मोटर मार्गों के नव निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण हेतु 71 करोड़ 19 लाख 07 हजार रुपये स्वीकृत किए गए, जिन पर कार्य पूर्ण हो चुका है। स्टेज-4 के अंतर्गत मैणा-पिलखैरा तथा झंगरबौ-सिवाल मोटर मार्गों के टेंडर हो चुके हैं तथा भंडाली गांव मोटर मार्ग की स्वीकृति प्राप्त हो गई है।

उन्होंने कहा कि 8 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से 13 मोटर मार्गों का वन टाइम मेंटिनेंस एवं नवीनीकरण कार्य किया गया है। विकासखंड मुख्यालय के जर्जर भवन के स्थान पर नए भवन का निर्माण 3 करोड़ 37 लाख 19 हजार रुपये की लागत से कराया गया। पुसोली, हलूणी एवं सासौ सहित 27 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों के निर्माण हेतु 2 करोड़ 70 लाख रुपये स्वीकृत किए गए तथा 56 लाख रुपये की लागत से 14 पंचायत भवनों की मरम्मत कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *