डीएम डॉ0 आशीष चौहान ने मौहब्बेवाला क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण

 

देहरादून, दिनांक 26 सितंबर 2026। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मौहब्बेवाला क्षेत्र में बने ब्लैक स्पॉट पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए मा0 विधायक धर्मपुर विधानसभा विनोद चमोली एवं जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मा0 विधायक एवं जिलाधिकारी ने क्षेत्रवासियों से भी संवाद कर उनके सुझाव एवं समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर ही दुर्घटनाओं के कारणों एवं उनके स्थायी समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उक्त ब्लैक स्पॉट पर होने वाली दुर्घटनाओं में ओवरस्पीड एवं ओवरलोडिंग प्रमुख कारक सामने आए।  जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन कारणों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मा0 विधायक विनोद चमोली ने अधिकारियों को इस ब्लैक स्पॉट पर त्वरित सुधारात्मक कार्यों के साथ-साथ दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने स्थानीय लोगों द्वारा दिए गए सुझावों को भी कार्ययोजना में शामिल करने को कहा।
जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने इस दुर्घटना संभावित क्षेत्र में प्रभावी निगरानी एवं कार्रवाई के लिए अधिकारियों की टास्कफोर्स तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स की तैनाती आपदा प्रबंधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत की जाएगी तथा जब तक उक्त क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित नहीं हो जाता, तब तक टास्क फोर्स सक्रिय रूप से कार्य करेगी। उन्होंने पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को 24×7 नियमित पेट्रोलिंग एवं सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *