एच.पी.वी. टीकाकरण के लिए छात्राओं को किया जागरूक
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, देहरादून डॉ. दिनेश चौहान ने बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, लक्खीबाग, देहरादून में कक्षा 8, 9 एवं 10वीं की छात्राओं को एच.पी.वी. वैक्सीन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व, इसके लाभ, सुरक्षित स्वास्थ्य हेतु इसकी आवश्यकता तथा सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 चौहान ने कहा कि जनपद देहरादून में अब तक साढ़े तीन सौ किशोरियों को यह टीका लगाया जा चुका है। सरकार द्वारा किशोरियों की स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने शिक्षिकाओं से भी अपील की कि विद्यालय के साथ-साथ शिक्षक अभिभावक बैठक के माध्यम से स्थानीय समुदाय में भी छात्राओं के टीकाकरण हेतु प्रोत्साहित करें। जनपद के जिला चिकित्सालय (गांधी शताब्दी) में स्थापित मॉडल टीकाकरण केन्द्र में प्रत्येक दिन प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार शर्मा ने इस संबंध में जनता से अपील की है कि टीके को लेकर किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें, किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव हेतु आगे आयें तथा अपने परिवार तथा आस-पड़ोस में 14 से 15 वर्ष आयु की किशोरियों को यह टीका अवश्य लगवायें।

