एलपीजी ई-केवाईसी में पौड़ी ने हासिल की प्रगति, 78 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं की प्रक्रिया पूरी
पौड़ी में लगभग 1.8 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूर्ण
पौड़ी ; जनपद पौड़ी गढ़वाल में घरेलू एलपीजी कनेक्शनों की ई-केवाईसी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। जनपद के कुल 2,31,350 घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं में से 1,82,370 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूर्ण हो चुकी है। इस तरह अब तक 78 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ता ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं।
जनपद में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कुल 2,31,350 घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं में से 1,82,370 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी हो चुकी है। इनमें आईओसीएल के 1,21,756, बीपीसीएल के 37,593 तथा एचपीसीएल के 23,021 उपभोक्ता शामिल हैं। वहीं, कुल 25,555 पीएमयूवाई उपभोक्ताओं में से 22,414 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है।
जिला प्रशासन ने शेष उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया एवं आगे की व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करें। प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं से अधिकृत माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में ई-केवाईसी का कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। शेष उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी के संबंध में संबंधित तेल कंपनियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से ई-केवाईसी पूरी करने तथा किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करने की अपील की है।

