आत्महत्या रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने दिलायी शपथ

आत्महत्या रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने दिलायी शपथ

आत्महत्या रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने दिलायी शपथ

मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर

पौड़ी/10 सितंबर, 2026: विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, पौड़ी में जागरुकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आत्महत्या की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा मानसिक तनाव और भावनात्मक परेशानियों से जूझ रहे लोगों को समय पर सहयोग एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. वीरेंद्र कुमार पुनेड़ा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आत्महत्या रोकथाम की शपथ दिलायी। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। किसी व्यक्ति में निराशा, अत्यधिक तनाव या भावनात्मक परेशानी के संकेत दिखाई देने पर उसकी बात संवेदनशीलता और धैर्य के साथ सुनना तथा समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या की रोकथाम के लिए परिवार, समुदाय और स्वास्थ्य विभाग को समन्वित रूप से प्रयास करने होंगे।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि आत्महत्या की रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव या किसी अन्य मानसिक समस्या से जूझ रहे व्यक्ति टेली-मानस के टोल फ्री नंबर 14416 पर संपर्क कर विशेषज्ञों से निःशुल्क काउंसलिंग प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और जरूरत पड़ने पर समय रहते सहायता लेने की अपील की।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *