अब नियमित चलेगी देहरादून-धुमाकोट बस सेवा

अब नियमित चलेगी देहरादून-धुमाकोट बस सेवा

नैनीडांडा की लाइफलाइन देहरादून-धुमाकोट बस सेवा होगी नियमित, निगम ने एक सप्ताह में संचालन शुरू करने का दिया आश्वासन

देहरादून। नैनीडांडा विकास समिति, का प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड परिवहन निगम के उप महाप्रबंधक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने नैनीडांडा विकासखंड (जनपद पौड़ी गढ़वाल) के लिए संचालित देहरादून-धुमाकोट बस सेवा को नियमित किए जाने की मांग उठाई।
इस दौरान सतीश घिल्डियाल ने बताया कि क्षेत्र के लिए संचालित यह एकमात्र बस सेवा लंबे समय से अनियमित चल रही है, जिससे स्थानीय जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय मांग पर शुरू की गई इस सेवा को अक्सर अप्रैल से जून के यात्रा सीजन में चारधाम यात्रा मार्ग पर लगा दिया जाता है, जिसके कारण नैनीडांडा क्षेत्र की जनता परिवहन सुविधा से वंचित हो जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि इसी अवधि में पहाड़ी क्षेत्रों में पूजा-अर्चना एवं विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रमों की अधिकता रहती है, जिससे इस बस सेवा की आवश्यकता और बढ़ जाती है। देहरादून से धुमाकोट के लिए कोई अन्य सीधा विकल्प न होने के कारण ग्रामीणों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने जनहित को ध्यान में रखते हुए बस सेवा को तत्काल नियमित एवं सुचारू रूप से संचालित करने की मांग की, ताकि लोगों को महंगे निजी वाहनों और असुरक्षित यात्रा से राहत मिल सके।
इस पर उप महाप्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि देहरादून-धुमाकोट बस सेवा को एक सप्ताह के भीतर पुनः नियमित रूप से संचालित कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य नीरज पंत, समिति के पदाधिकारी लक्ष्मण रावत, गोविन्द जुयाल, जी.एस. नेगी, राकेश मधवाल, सुरेन्द्र प्रसाद मधवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *